लखनऊ। कैंट इलाके में रविवार सुबह दिलकुशा रेलवे ट्रैक पर सचिवालय में संविदा पर तैनात इलेक्ट्रिशियन पीजीआई के केवी सिटी निवासी विवेक द्विवेदी (30) का शव पड़ा मिला। उनका गला कटा हुआ था।
विवेक के भाई दीपक ने बताया कि शनिवार सुबह भाई ड्यूटी पर गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटे। उनके सहयोगियों से पता चला कि वह काफी समय पहले घर के लिए निकल चुके थे। ऐसे में घरवालों ने उन्हें काफी तलाशा मगर कुछ पता नहीं चल सका। दीपक ने बताया कि रविवार सुबह जीआरपी उनके घर पहुंची और दिलकुशा रेलवे ट्रैक पर एक शव मिलने की सूचना दी। वह घटनास्थल पर पहुंचे शव की पहचान विवेक द्विवेदी के रूप में की। जीआरपी ने बताया कि तलाशी लेने पर शव के पास से आधार कार्ड मिला था। इसकी मदद से परिवार से संपर्क हो सका।
कटा हुआ था विवेक का गला
दीपक ने बताया कि विवेक का गला कटा हुआ था। ऐसे में उन्होंने भाई के आत्महत्या करने की आशंका जताई हे। विवेक अविवाहित थे। परिवार में पिता राजकिशोर और मां मंजू हैं। थानाध्यक्ष कैंट गुरप्रीत कौर के मुताबिक पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है। घरवाले तहरीर देंगे तो जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।