सरोजनीनगर। बंथरा गांव से 10 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए सब्जी विक्रेता राकेश साहू (46) का शव शुक्रवार शाम घर से करीब 200 मीटर दूर एक पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला।
इंस्पेक्टर बंथरा राणा राजेश सिंह के मुताबिक, बंथरा निवासी राकेश साहू चार नवंबर की सुबह करीब छह बजे घर में बिना कुछ बताए कहीं चले गए थे। काफी देर तक उनके न लौटने पर पत्नी प्रेमा ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे।
शुक्रवार शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने घर से लगभग 200 मीटर दूर जंगल (पिछवारी बाग) में एक पेड़ से रस्सी के सहारे राकेश का शव लटका देखा। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव कई दिन पुराना होने के कारण काफी सड़ चुका था। शरीर का ज्यादातर हिस्सा गलकर जमीन पर गिर गया था। शव में कीड़े भी पड़ गए थे। जंगली जानवर पैर का मांस भी नोच ले गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। राकेश के परिवार में पत्नी प्रेमा साहू, बेटा शौर्य और बेटियां वर्तिका व अनन्या हैं।