राजाजीपुरम। तालकटोरा के न्यू बादशाहखेड़ा में बृहस्पतिवार दोपहर निधि कश्यप (28) का शव कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से लटका मिला। मायका पक्ष ने पति शिवप्रकाश पर हत्या का आरोप लगाया है।
शिवप्रकाश ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 12 बजे पत्नी से कहासुनी के बाद वह घर के बाहर बैठ गए थे। कुछ देर बाद लौटने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा और निधि को फंदे से लटका पाया। नीचे उतारने तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि मृतका का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार की किस्तें चुकाने के लिए होता था झगड़ा
हरदोई के गौसगंज दहिगवां निवासी निधि के भाई हेमंत कश्यप ने बताया कि चार वर्ष पहले निधि की शादी हुई थी। आरोप है कि विवाह के समय कार की मांग की गई थी। पिता ने आधी रकम दी थी, जबकि बाकी रकम फाइनेंस कर कार खरीदी गई। इसके बाद शिवप्रकाश लगातार किस्तों के लिए रुपये मांगता था और विरोध करने पर निधी को पीटता था। हेमंत का आरोप है कि पांच दिन पहले भी शिवप्रकाश ने निधि की पिटाई की थी।
दरवाजा तोड़ने और शव को उतारने में नहीं ली किसी की मदद
हेमंत ने आरोप लगाया कि शिवप्रकाश ने बिना किसी पड़ोसी की मदद के दरवाजा तोड़ा, शव नीचे उतारा और अस्पताल नहीं ले गया। पुलिस को भी देर से सूचना दी। हेमंत ने बताया कि सुबह 10:30 बजे बहन ने मां से बात की थी और बताया था कि खाना बनाते समय अचानक गैस खत्म हो गई है।