लखनऊ। गुडंबा स्थित इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में बी फार्मा के अंतिम वर्ष के छात्र मोहम्मद उमर मलिक (22) का शव बुधवार सुबह कमरे में पड़ा मिला। छात्र की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुंह से झाग और नाक से खून निकलने की बात सामने आई है।
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बस्ती जिले के रहने वाले मोहम्मद उमर मलिक यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। बुधवार सुबह उनके पड़ोसी कमरे के छात्र हनीफ उन्हें जगाने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक प्रतिक्रिया न मिलने पर उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचना दी। प्रशासन की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो उमर जमीन पर मृत पाए गए। उन्हें तत्काल यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शी छात्रों ने बताया कि उमर नशे का सेवन करते थे और आशंका है कि नशे के अधिक सेवन से उनकी मौत हुई हो। रूम पार्टनर मोहम्मद हबीब ने बताया कि शाम को उन्होंने साथ चाय पी थी और रात करीब 11 बजे उमर नींद आने की बात कहकर कमरे में चले गए थे। उमर के पिता डॉक्टर रफीकुद्दीन बस्ती के तुरकिया में निजी प्रैक्टिस करते हैं। परिवार में मां और बड़ी बहन हैं। परिजनों ने किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है।