लखनऊ। गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-1 इलाके में बृहस्पतिवार सुबह अजय यादव (32) का शव रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला। भाई अनिल ने अजय के दोस्त कल्लू से पूछताछ और मामले की जांच की मांग की है।
सुशांत गोल्फ सिटी के महिपालखेड़ा गांव निवासी अनिल यादव के मुताबिक, अजय एक निजी कंपनी में पेंटिंग का काम करता था। बुधवार रात करीब आठ बजे ड्यूटी से लौटने के बाद अजय दोस्त कल्लू को खुर्दही बाजार छोड़ने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अजय के पास मिले सामान के आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। अनिल ने कल्लू से पूछताछ की मांग की है। वहीं, कल्लू का कहना है कि अजय उसे खुर्दही बाजार छोड़कर बाराबंकी जाने की बात कहकर चला गया था। एसओ गोमतीनगर विस्तार ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। प्रथमदृष्टया पुलिस अजय की मौत को हादसा मान रही है।