लखनऊ। सरोजनीनगर में किसान पथ पुल के पास रेलवे ट्रैक किनारे मंगलवार देर रात 15 वर्षीय किशोरी का शव मिला। किशोरी का गला और बाएं हाथ की अंगुली कटी थी। किशोरी के पास से दो लाइन का सुसाइड नोट भी मिला। फिलहाल किशोरी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का दावा है कि किशोरी ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 11:30 बजे अमौसी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने सरोजनीनगर पुलिस को सूचना दी कि रेलवे लाइन किनारे एक शव पड़ा है। सरोजनीनगर पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि शव किशोरी का है। उसके गले पर कटे का निशान था। पुलिस को किशोरी के पास सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था कि मैं जो कर रही हूं, अपने मन से कर रही हूं, किसी का कोई दोष नहीं है। सुसाइड नोट में कोई नाम, पता और मोबाइल नंबर नहीं लिखा था। पुलिस ने किशोरी के शव की पहचान का प्रयास किया पर शिनाख्त नहीं हो सकी। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भिजवा दिया।
एसीपी ने बताया कि किशोरी ने लाल टीशर्ट और मैरून रंग का लोअर पहना था। पास में ही सेना की वर्दी के रंग की जैकेट और रंग बिरंगी शॉल पड़ी थी। पैर में मोजे थे लेकिन चप्पल या जूते गायब थे। ऐसा लग रहा है कि किशोरी ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर जान दी है।
शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई फोटो
एसीपी ने बताया कि किशोरी की पहचान के लिए शहर के सभी थानों व आसपास के जनपदों की पुलिस को फोटो भेजी गई है। सोशल मीडिया पर भी उसकी फोटो प्रसारित की गई है। पुलिस की पहली प्राथमिकता है कि शव की पहचान करना है। शिनाख्त होने के बाद पता चल सकेगा कि किशोरी के साथ हुआ क्या था। शिनाख्त के बाद ही शव का पोस्टमाॅर्टम कराया जाएगा।