आलमबाग। मानकनगर में शारदा नहर में सोमवार रात कूदे दो युवकों के शव बुधवार सुबह मिले। पहचान नहीं हो सकी है, पुलिस ने तस्वीरें साेशल मीडिया पर प्रसारित की हैं।
मानकनगर थाना प्रभारी अजीत सिंह के मुताबिक, सोमवार रात 10:30 बजे भोलाखेड़ा निवासी रविकांत मौर्य ने दो युवकों के नहर में कूदने की सूचना दी थी। पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने दो दिन तक तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सूचना देने वाला युवक नशे में था, जिसके कारण पुलिस घटना को लेकर असमंजस में थी।
बुधवार सुबह राहगीरों ने रेगुलेटर में शव फंसे देख पुलिस को सूचित किया। एसडीआरएफ ने नहर से करीब 40 वर्षीय और 20 वर्षीय युवक के शव निकाले। 40 वर्षीय युवक की जेब से कीपैड मोबाइल फोन मिला, जिससे पहचान का प्रयास हो रहा है। 20 वर्षीय युवक के हाथ पर जय महाकाल का गोदना बना है। कृष्णानगर पुलिस ने एक लापता युवक के परिजनों को सूचना दी पर वे शव की पहचान नहीं कर पाए। दोनों शव शवगृह में सुरक्षित रखे गए हैं।