गोमतीनगर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के हेड ऑफिस पहुंचे ग्राहक।
काकोरी। मोहान रोड स्थित शकुंतला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय परिसर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में करोड़ों की ठगी के मामले में भुक्तभोगी ग्राहक बुधवार को गोमतीनगर स्थित बैंक के हेड ऑफिस पहुंचे। ग्राहकों ने वरिष्ठ प्रबंधक दीपक कुमार सिंह से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताई। इस पर वरिष्ठ प्रबंधक दीपक सिंह ने उन्हें 25 दिन में रकम लौटाने का आश्वासन दिया।
बैंक मित्र शिवा राव और उसके चार सहयोगियों ने ग्राहकों के खातों से बड़ी रकम निकालकर हड़प ली थी। मामले की जानकारी होने पर ग्राहकों ने बैंक पहुंचकर हंगामा किया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने शिवा राव समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बुधवार को बैंक के हेड ऑफिस पहुंचे पीड़ित कुशमा, अनिकेत, सुधीर, टिंकू, मोनी राजपूत, सुमन रावत, ममता गौतम और रुचि गौतम समेत करीब 25 लोगों ने बताया कि किसी के खाते से पांच लाख, किसी के छह लाख और किसी के दस लाख रुपये तक निकाल लिए गए हैं। इसी तरह अन्य कई खातों से भी बड़ी रकम गायब हुई है।