लखनऊ। संत आसूदाराम आश्रम और अमर उजाला फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से शुक्रवार को वीआईपी रोड स्थित आश्रम परिसर में दोपहर एक से शाम चार बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ब्लड बैंक में खून की कमी को पूरा करने के उद्देश्य से शिविर लगाया जा रहा है। इस पहल में शामिल होकर लोग दूसरों का जीवन बचाने में योगदान देकर महादानी बन सकते हैं।
केजीएमयू में दुर्घटना, सर्जरी और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए खून की काफी जरूरत पड़ती है। इसे ध्यान में रखते हुए अमर उजाला फाउंडेशन चिकित्सा संस्थान के सहयोग से शिविर का आयोजन कर रहा है। इसमें कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।
एक दानी बचा सकता है कई लोगों का जीवन
एक यूनिट रक्त कई लोगों को नया जीवन दे सकता है। रक्तदान करने से न केवल दूसरों को लाभ होता है, बल्कि यह रक्तदाता की सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है। यह शरीर में नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण को बढ़ाता है।
ये लोग कर सकते हैं रक्तदान
रक्तदान करने वाले की उम्र 18 से 65 वर्ष और वजन कम से कम 50 किलोग्राम होना चाहिए। हीमोग्लोबिन 12.5 पॉइंट या इससे अधिक होना जरूरी है। रक्तदाता को पूरी तरह स्वस्थ होना चाहिए। उसे सर्दी-जुकाम, बुखार या कोई संक्रमण नहीं होना चाहिए। उसका रक्तचाप भी सामान्य होना चाहिए। पुरुष तीन और महिलाएं चार महीने के अंतराल पर रक्तदान कर सकती हैं।