लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के काम में लगे जानकीपुरम विस्तार निवासी 48 वर्षीय बीएलओ दिलीप सिंह सोमवार सुबह लापता हो गए। वह पत्नी से नाश्ता तैयार करने की बात कहकर घर से निकले, पर लौटे नहीं। देर शाम उन्होंने बीएलओ के व्हाट्सएप ग्रुप पर मेसेज कर एसडीएम बीकेटी पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस व क्राइम ब्रांच तलाश में लगा दी गई है।
मूल रूप से लखीमपुर खीरी के परसिया गांव निवासी दिलीप सिंह बक्शी का तालाब क्षेत्र के भौली-2 में शिक्षामित्र हैं। वह जानकीपुरम विस्तार के सेक्टर-3 में किराये के मकान में पत्नी दीपिका सिंह, दो बेटियों अनन्या, आकृति और बेटे सार्थक ठाकुर के साथ रहते हैं। 11वीं में पढ़ने वाली अनन्या के मुताबिक सोमवार सुबह पूजा-पाठ के बाद पिता सार्थक को पास के स्कूल छोड़ने गए थे। लौटकर उन्होंने कपड़े बदले।
इसी बीच बीएलओ वीरेंद्र का फोन आया। उन्होंने 11 बजे मिलने की बात कही। इसके बाद दिलीप पत्नी से नाश्ता बनाने की बात कहकर पैदल घर से निकल गए। 11 बजे तक घर न लौटने पर पत्नी ने फोन किया, लेकिन कॉल नहीं रिसीव हुई। कुछ देर बाद मोबाइल बंद हो गया। अन्य बीएलओ से पूछताछ में भी कोई जानकारी नहीं मिली।
व्हाट्सएप ग्रुप में आया ‘गुडबाय’ का मेसेज
शाम 5:40 बजे बीएलओ के व्हाट्सएप ग्रुप पर दिलीप के मोबाइल से संदेश आया। इसमें लिखा था ''सुषमा मैडम सुपरवाइजर साहब, भाग संख्या 191 बीएलओ दिलीप सिंह शिक्षामित्र एसआईआर का कार्य छोड़कर जा रहा हूं। मेरे नोटिस फॉर्म मेरी बाइक के झोले में हैं, जो मेरे घर पर खड़ी है। जरूरत समझना तो ले लेना। गुडबाय''। शाम 5:47 बजे सुषमा सिंह ने पूछा कि वह कहां हैं। 5:54 बजे फिर संदेश आया कि ''हां, मैं एक बात कहना भूल गया। अपने एसडीएम बीकेटी से कह दो जाकर नौकरी ले ले। जो बार-बार दबाव बनाने के लिए कहते हैं कि नौकरी ले लूंगा। सिस्टम पर शिक्षामित्र दिलों और कुर्बान''। मेसेज में एसडीएम पर दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।
मां और रिश्तेदार से की थी बात
सोमवार सुबह 10 बजे दिलीप ने खीरी में रहने वाली मां उर्मिला से फोन पर हालचाल पूछा। मां ने काफी समय बाद कॉल आने पर एसआईआर की व्यस्तता का जिक्र किया। उन्होंने भौली निवासी ममेरे भाई अरविंद को भी कॉल कर कुछ दिन पहले खरीदी गई गाय को न बेचने की बात कही।
जुग्गौर, गोमतीनगर में मिली आखिरी लोकेशन
बक्शी का तालाब के भौली निवासी दिलीप के मामा कुंवर बहादुर सिंह ने जानकीपुरम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी के मुताबिक सोमवार रात गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। एडीसीपी नार्थ ऋषभ रुणवाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच समेत कई टीमें बीएलओ की तलाश में लगी हैं। दिलीप के मोबाइल की आखिरी लोकेशन जुग्गौर, गोमतीनगर में मिली है। उधर, एसडीएम बीकेटी साहिल कुमार ने एसआईआर के कार्य में दबाव से इन्कार किया है। उनका कहना है कि दिलीप की गिनती अच्छे बीएलओ में थी।