ऊंचाहार एनटीपीसी के यूनिट नंबर 6 में मंगलवार शाम तेज ब्लास्ट हो गया। विभागीय चूक से हुए इस हादसे में एक दैनिक श्रमिक (इलेक्ट्रिशियन) गंभीर रूप से झुलस गया है। एनटीपीसी के अधिकारी व कर्मचारी मामले को दबाए रहे लेकिन बुधवार की सुबह खुलासा हुआ तो कोई भी इस बारे में बोलने को तैयार नहीं है।
घायल का इलाज एनटीपीसी के अस्पताल में ही उसका इलाज चल रहा है। यूनिट नंबर 6 वही एरिया है, जहां पांच महीने पहले ब्वॉयलर में ब्लास्ट होने से तीन एजीएम समेत 45 की मौत हो गई थी।
एनटीपीसी प्लांट के बहुचर्चित यूनिट नंबर 6 के बूथ एरिया के 3 नंबर ट्रांसफार्मर के पास एलसीवी/आरसीवी में मंगलवार शाम अचानक ब्लास्ट हो गया। मौके पर मौजूद इलेक्ट्रिशियन विजय (38) गंभीर रूप से झुलस गया। विजय गोरखपुर के कम्पियरगंज का निवासी है।
हादसे से एनटीपीसी परिसर में हड़कंप मच गया। साथी कर्मचारियों ने तत्काल विजय को परिसर में ही स्थित अस्पताल पहुंचाया। वहीं, एनटीपीसी के अधिकारी मामले को दबाने में जुटे रहे।