लंबी प्रतीक्षा के बाद भाजपा ने उत्तर प्रदेश के लिए 149 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इनमें दंगा आरोपियों को टिकट देने के साथ दलबदलुओं को भी बड़ी संख्या में गले लगाया गया है। सूची में 24 चेहरे ऐसे हैं जो दूसरे दलों से आए हैं।
घोषित सीटों में ज्यादातर पहले और दूसरे चरण में होने वाले चुनाव की हैं। कुछ सीटें वो हैं जहां इस समय भाजपा के ही विधायक हैं। भाजपा के 149 उम्मीदवारों की सूची में एक भी मुस्लिम उम्मीदवार नहीं हैं। पार्टी ने 11 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है।
पिछड़ा कार्ड खेला: पार्टी के रणनीतिकारों ने सूची के जरिये पिछड़ा कार्ड खेला है। सूची में लगभग 60 उम्मीदवार अति पिछड़ी जातियों के हैं।
इनमें भी ज्यादातर सैनी, शाक्य, मौर्य, कुशवाहा, लोधी, गुर्जर, जाट व कश्यप बिरादरी के हैं। दलितों में पासी, वाल्मीकि और खटिक बिरादरी को तवज्जो दी गई है। अगड़ों में ठाकुरों को सबसे ज्यादा 21 टिकट दिए गए हैं।