सपा ने आरोप लगाया है कि विधानसभा उपचुनाव में मतदान की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, भाजपा अपनी हार की आशंका के चलते चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग और मतदाताओं को भयभीत करने का हथकंडा अपनाने लगी है। कहीं मतदाताओं और सपा कार्यकर्ताओं को लाल कार्ड जारी हो रहा है, तो कहीं प्रधान व कोटेदारों को पुलिस धमका रही है। ऐसी शिकायतें हैं कि देवरिया सदर में बीएसए प्राथमिक शिक्षकों पर अनैतिक दबाव बना रहे हैं।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र में कई ऐसे मतदान केंद्र हैं जहां पिछले चुनावों में हिंसा और बूथ कैप्चरिंग हुई थी। यहां गरीब एवं कमजोर मतदाताओं को धमकियां दी जा रही हैं। भाजपा सरकार के तमाम मंत्री विभिन्न क्षेत्रों में डेरा डाले हुए हैं। वे भाजपा के पक्ष में मतदाताओं के समर्थन के लिए हर तरह से आतंकित कर रहे हैं। निर्वाचन आयेाग को इन शिकायतों का संज्ञान लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात करना चाहिए। चुनाव की आदर्श आचार संहिता का भी उल्लंघन किया जा रहा है।
अखिलेश ने कभी किसी को धोखा नहीं दिया : राजेंद्र चौधरी
लखनऊ। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने मायावती के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने कभी किसी को धोखा नहीं दिया। वे उदार नेता है, निष्ठा और ईमानदारी से रिश्ता निभाते हैं।
चौधरी ने कहा कि सपा ने लोकसभा चुनाव में ईमानदारी से गठबंधन को चलाया। चुनाव के बाद मायावती ने खुद गठबंधन तोड़ा है। बसपा विधायक अखिलेश से मिलने अपनी इच्छा से आए थे। वे बसपा में सहज महसूस नहीं कर रहे हैं। उनका आर्थिक उत्पीड़न होता है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मौजूदा राजनीति में शुचिता व शालीनता के प्रतीक हैं। वे स्वच्छ राजनीति करते हैं। उनकी छवि विकास पुरुष की है। सपा सरकार में अखिलेश के विकास कार्यों को प्रदेश की जनता आज भी याद करती है।