फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बोले, अमित शाह यूपी के लिए फरिश्ता, योगी राज में विकास को लगे पंख

Sat, 20 Jul 2019 03:17 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष के साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने अपने पहले ही भाषण में साफ कर दिया कि संगठन और सरकार बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि सरकार की समीक्षा न करें बल्कि प्रदेश के विकास को जन आंदोलन बनाएं। सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाएं। स्वतंत्र देव सिंह ने ये बातें शुक्रवार को लखनऊ के भाजपा मुख्यालय पर अपने अभिनंदन व स्वागत समारोह में कही।

विज्ञापन


स्वतंत्र देव ने सपा और बसपा पर प्रहार करते हुए कहा कि सपा के गुंडाराज तथा बसपा के भ्रष्टाचार ने प्रदेश की जनता का बहुत नुकसान किया है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को उत्तर प्रदेश के लिए फरिश्ता बताया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने जिस दिन से यूपी में कदम रखा है, उसी दिन से भाजपा ऊंचाइयों को छू रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को पंख लग गए हैं।

उन्होंने कहा कि पहले हमारे देश को सांप-सपेरों और काला जादू का देश कहा जाता था। मोदी ने इस धारणा को बदलकर दिखा दिया कि यह देश कंप्यूटर और माउस चलाने वालों का भी है। एक सरकार थी तो 26/11 हो गया। देश में कैंडल मार्च निकालने पड़े और शोक सभाएं करनी पड़ीं। मोदी की सरकार में उरी हमला और पुलवामा अटैक के साथ सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक हो रही हैं। मोदी सरकार ने देश में आठ करोड़ शौचालय बनवाए हैं। डीबीटी के माध्यम से जनता का करोड़ों रुपये बचा है।

विज्ञापन

योगी सरकार के कामों की प्रशंसा की

उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय व वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह। - फोटो : amar ujala
योगी सरकार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए स्वतंत्र देव ने कहा कि प्रयागराज कुंभ के आयोजन की पूरी दुनिया ने तारीफ की है। कांवड़ियों पर अब हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा हो रही है।

उन्होंने 1857 की क्रांति के जनक मंगल पांडेय की जयंती पर नई जिम्मेदारी संभालने को अपना सौभाग्य बताया। पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को याद करते हुए कहा कि इन सभी के परिश्रम से ही पार्टी को यह मुकाम हासिल हुआ है। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, विनय कटियार और सूर्यप्रताप शाही भी मंच पर मौजूद थे।

मुख्यमंत्री योगी ने थपथपाई पीठ, कहा-कार्यकर्ताओं में भरोसा बढ़ा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह। - फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मिलने से कार्यकर्ताओं का विश्वास बढ़ा है। सरकार और संगठन मिलकर प्रदेश की 23 करोड़ जनता की भावना के अनुरूप विकास करेंगे।

स्वतंत्र देव की तारीफ करते हुए कहा कि परिवहन मंत्री के रूप में उन्होंने घाटे में चल रहे परिवहन विभाग को न केवल फायदे में लाकर दिखाया बल्कि उसे आमदनी करने वाला निगम बनाया। परिवहन विभाग के कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ भी दिलाया।
विज्ञापन

ज्योतिरादित्य को हराने का श्रेय स्वतंत्र देव को

- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्र देव बिना हो हल्ला किए चुपचाप काम करने वाले नेता हैं। गुजरात, कर्नाटक विधानसभा चुनाव और हाल ही लोकसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत में स्वतंत्र देव के चुनाव प्रबंधन ने अहम भूमिका निभाई। कांग्रेस महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया की गुना सीट पर हार में भी स्वतंत्र देव की बड़ी भूमिका है।

कार्यक्रम को भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने भी संबोधित किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी मौजूद थे।

संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने किया। महेंद्रनाथ पांडेय कार्यक्रम के बाद  स्वतंत्र देव को लेकर कार्यालय में गए और उन्हें अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाकर विधिवत अध्यक्षी सौंपी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें