नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए भाजपा प्रत्याशियों की सूची 21 अप्रैल के बाद जारी होगी। पार्टी ने क्षेत्र स्तर पर दूसरे चरण के लिए प्रत्याशी चयन पर मंथन शुरू किया है। दूसरे चरण में मेरठ, शाहजहांपुर, अयोध्या, बरेली, अलीगढ़, कानपुर, गाजियाबाद नगर निगम, 95 नगर पालिका परिषद और 268 नगर पंचायतों में चुनाव होना है। दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का सिलसिला सोमवार से शुरू हो गया है। 24 अप्रैल तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। भाजपा ने नगर पालिका अध्यक्ष और महापौर पद के प्रत्याशी चयन के लिए पैनल तैयार करना शुरू कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक पैनल पर जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में चर्चा की जाएगी। 21 अप्रैल को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिहं चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह महापौर प्रत्याशी चयन के लिए पैनल लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व के पास जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि 21 अप्रैल के बाद दूसरे चरण के प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे।