पर्चा दाखिल करते अनिल अग्रवाल।
- फोटो : amar ujala
भाजपा के नौवें उम्मीदवार गाजियाबाद निवासी अनिल अग्रवाल ने दोपहर 1.45 बजे कुछ विधायकों, कार्यकर्ताओं के साथ सेंट्रल हॉल पहुंचकर पर्चा दाखिल किया। उनके जाने के कुछ देर बाद ही करीब 2 बजे प्रदेश अध्यक्ष पांडेय और उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य फिर सेंट्रल हाल आए।
उन्होंने बताया कि भाजपा अनिल अग्रवाल को नौवें प्रत्याशी के रूप में उतार रही है। जब उन्हें पता चला कि अग्रवाल पर्चा दाखिल करके जा चुके हैं तो वे चौंक गए। पांडेय और मौर्य ने निर्वाचन कार्य में जुटे अधिकारियों के पास अग्रवाल का नामांकन पत्र देखा तो संतुष्ट होकर लौट गए।
अतिम समय में 9-2-11
नौवें उम्मीदवार अनिल अग्रवाल के नामांकन दाखिल करने के बाद कयासबाजी चल ही रही थी कि नामांकन का समय समाप्त होने से 20 मिनट पहले 2.40 बजे भाजपा के प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई और विद्यासागर सोनकर ने भी नामांकन दाखिल कर सियासी सरगर्मी को हवा दे दी। भाजपा के नौ प्रत्याशियों के नामांकन पहले हो चुके थे। दो और आ गए। कुल 11 प्रत्याशी हो गए। एक भाजपा विधायक ने कहा, अब हुआ 9-2-11
महेश चंद शर्मा पर्चा दाखिल करते हुए।
- फोटो : amar ujala
निर्दलीय उम्मीदवार महेश चंद शर्मा ने भी नामांकन दाखिल किया। उनके पर्चे पर प्रस्तावकों के नाम और दस्तखत नहीं होने पर निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन पत्र लेने में असमर्थता जताई। शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय का हवाला देते हुए कहा, इसमें प्रस्तावक की आवश्यकता नहीं है।
उनके तर्क के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन पत्र ले लिया। शर्मा ने कहा, वह जनसंघ के नेता हैं और 2004 में लखनऊ से अटल बिहारी वाजपेयी समेत कई बड़े नेताओं के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं।
कहीं इसलिए तो नहीं आए 11 प्रत्याशी
भाजपा के 11 प्रत्याशी उतारने की रणनीति का अभी खुलासा नहीं हुआ है। अटकलें हैं कि अंतिम नौ प्रत्याशी कौन होंगे। सूत्रों का कहना है कि पहले दाखिल हुए नौ पर्चों में किसी का पर्चा खारिज होने की स्थिति में एहतियाती तौर पर दो अतिरिक्त नामांकन कराए गए हैं। उम्मीद है कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद दो उम्मीदवार नाम वापस ले लेंगे।
नामांकन दाखिल करने के बाद बाहर आते भाजपाई।
- फोटो : amar ujala
राज्यसभा चुनाव की तस्वीर 15 मार्च को नामांकन पत्रों की वापसी के बाद साफ होगी। दस सीटों के चुनाव के लिए कुल 14 नामांकन दाखिल हुए हैं। सपा-बसपा के एक-एक और भाजपा के 11 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे हैं। एक पर्चा जनसंघ नेता महेश चन्द्र शर्मा ने दाखिल किया है।
नामांकन पत्रों की जांच 13 मार्च को होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 15 मार्च है। भाजपा ने 11 उम्मीदवार उतारे हैं। उसके पास 8 उम्मीदवारों को जिताने के लिए पर्याप्त मत हैं। नौवें उम्मीदवार को जिताने के लिए उसे जोड़-तोड़ का सहारा लेना पड़ेगा। ऐसे में साफ है कि पार्टी दो उम्मीदवारों का नामांकन वापस कराएगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर और सलिल विश्नोई का नामांकन चुनावी रणनीति के तहत दाखिल कराया गया है।