सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : amar ujala
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि भाजपा प्रलोभन की राजनीति से लोकतंत्र और स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों के लिए खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा की साजिशों से सावधान करते हुए अन्याय का मुकाबला करने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
कई जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में निर्दोष और गरीब लोगों को फर्जी मामलों में फंसाया जा रहा है। विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हो रहा है। सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। विकास कार्य रुके हुए हैं। जनहित में योजनाएं लागू करने में भाजपा की दिलचस्पी नहीं है।
अखिलेश ने कार्यकर्ताओं से अन्याय का मुकाबला करने और चुनाव अभियान में जोर-शोर से जुटने का आग्रह किया। कहा कि भाजपा अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए अब दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक सांसदों की पदयात्रा का आयोजन कर रही है। भाजपा बुनियादी समस्याओं के समाधान के बजाय पदयात्रा कर जनभावनाओं से खिलवाड़ करना चाहती है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र और स्वाधीनता आंदोलन के मूल्यों से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा और उसके मातृ संगठन आरएसएस का देश की आजादी के आंदोलन में कोई योगदान नहीं है। भाजपा संविधान का सम्मान भी नहीं करती। उन्होंने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्तर पर अपनी बात मजबूती से रखने के लिए भी तैयार रहना चाहिए।