सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने साढ़े तीन साल तो समाजवादी पार्टी के कामों को अपना बताने में ही बिता दिए हैं। वह अपनी एक भी योजना लागू नहीं कर सकी। भाजपा नफरत और समाज को बांटने का एजेंडा चलाती है। उसकी विकास में रुचि नहीं है, वह साजिश की पार्टी है।
अखिलेश यादव ने सोमवार को बयान में कहा कि दूसरे के कामों का श्रेय लेने में भाजपा को न कोई संकोच है और न ही लाज। भाजपा सरकार में किसान, व्यापारी बदहाल है। नौजवानों की आकांक्षाओं की उसे जरा भी परवाह नहीं। सत्तादल के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जनता की उम्मीद फिर सपा सरकार बनने पर टिकी हुई हैं, जिसके शासन में विकास के कीर्तिमान बने थे। सपा सरकार में इटावा में लायन सफारी का निर्माण हुआ था। इसमें जन्मे सिंबा, सुल्तान अब पर्यटको को दहाड़ते और विचरण करते हुए नजर आएंगे। शेरों को निहारने का अवसर पर्यटकों को दिवाली के आसपास मिल सकता है।
सपा अध्यक्ष ने कहा, सोनभद्र में गुलरिया पहाड़ी 20 वर्ष पूर्व उजाड़ और हरियाली विहीन हो चुकी थी। समाजवादी सरकार में वर्ष 2016 में पौधरोपण के बाद पहाड़ी पर हरियाली लौट आई है। इस पर लगे पौधे 4 से 8 फीट तक बड़े हो गए है। बुंदेलखंड में सपा सरकार ने 5 करोड़ पौधे लगाकर रिकार्ड कायम किया था। विश्वस्तरीय इकाना स्टेडियम बना। बाजार शाने अवध का निर्माण कराया, जिसे भाजपा सरकार ने औने-पौने दामों में बेच दिया।
अखिलेश ने कहा कि आपातकाल की स्मृतियों को भी ताजा रखने के लिए जय प्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय केंद्र बना था। 325 किमी का एक्सप्रेस वे दो वर्ष में बना दिया गया। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की शुरूआत सपा सरकार में ही हो गई थी, जिसे भाजपा सरकार साढ़े तीन वर्ष में भी पूरा नहीं कर पाई। सपा शासन में बनाए गए कैंसर अस्पताल में भी पूरी तरह इलाज शुरू नही कर सका है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में मेट्रो के अलावा सपा सरकार में बेहतर पुलिसिंग सिस्टम बनाया गया था। महिला सुरक्षा के लिए 1090 सेवा शुरू की गई थी। अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 सेवा शुरू की गई थी। भाजपा ने इन्हें निष्प्रभावी बना दिया।