अगर सपा सरकार चाहती तो यूपी में भी दलित अधिकारियों व कर्मचारियों को उनके पद से रिवर्ट नहीं करना पड़ता। जैसा कि हरियाणा, राजस्थान और बिहार की सरकार ने अपने यहां एक भी दलित कर्मचारी को रिवर्ट नहीं किया।
दरअसल सपा सरकार ने राजनीतिक वैमनस्यता के कारण दलित कर्मचारियों को उनके पदों से रिवर्ट किया है। ये बातें रविवार को दिल्ली के भाजपा सांसद उदित राज ने लखनऊ में मीडिया से कही। उदित राज ने कहा कि मायावती चाहतीं तो पदोन्नति में आरक्षण को लागू कर सकती थीं लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
उदित राज ने कहा कि वे जल्द ही लोकसभा में प्रमोशन में आरक्षण का बिल पास कराएंगे। इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से बात हो चुकी है। राज्यसभा में यह बिल पहले ही पास हो चुका है।
उन्होंने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण के लिए 85वां संविधान संशोधन अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने ही किया था। इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी।