भाजपा केंद्र में कामयाब रही, अब पार्टी प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद खुद को स्थापित करने के लिए कोशिश कर रही है, जिसके लिए विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है।
सूबे में लोकसभा का चुनाव जीते सभी विधायकों ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इनमें भाजपा के 11 विधायक, अपना दल की एक विधायक और एक विधान परिषद सदस्य शामिल हैं।
नतीजतन विधानसभा की 12 और विधान परिषद की एक सीट खाली हो गई है। इन सीटों के लिए जल्द ही उपचुनाव कराए जाएंगे।
इन्होंने दिया इस्तीफा
लखनऊ पूर्व से विधायक कलराज मिश्र, सहारनपुर सदर से विधायक राघव लखन पाल, कैराना से विधायक हुकुम सिंह, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) से विधायक कुंवर सर्वेश सिंह, नोएडा से विधायक डॉ. महेश शर्मा, निघासन (लखीमपुरखीरी) से विधायक अजय मिश्र टेनी, चरखारी (महोबा) से विधायक उमा भारती ने अपना इस्तीफा सौंपा।
इसके अलावा हमीरपुर से विधायक साध्वी निरंजन ज्योति, सिराथू (कौशांबी) से विधायक केशव मौर्य, बलहा (बहराइच) से विधायक सावित्री बाई फुले, बिजनौर से विधायक भारतेंदु सिंह और रोहनिया (वाराणसी) से विधायक अनुप्रिया पटेल ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
विधान परिषद सदस्य का भी इस्तीफा
इसके अलावा विधान परिषद सदस्य डॉ. नैपाल सिंह ने भी विधान परिषद के सभापति को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। ये सभी हाल ही में हुए चुनाव में लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।
प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे ने बताया कि सांसद चुने गए सभी विधायकों ने अपना इस्तीफा भेज दिया है और विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने इस्तीफे स्वीकार कर लिया है।
अब विधानसभा और विधान परिषद की रिक्त सीटों की औपचारिक सूचना चुनाव आयोग को भेजी जाएगी। इसके बाद आयोग उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित करेगा।