स्वास्थ्य विभाग ने चार कंटेनमेंट जोन खत्म करने और चार को बढ़ाने के संबंध में जिला प्रशासन को पत्र भेजा है। इसमें अमरूदिया बाग आलमबाग, भागमऊ कॉलोनी गोमती नगर, डालीगंज, हिमालय एनक्लेव वृंदावन कॉलोनी को केस न मिलने पर कंटेनमेंट जोन से बाहर किया गया। वहीं, संजय गांधी पुरम कुरेशी प्लाजा डालीगंज, हिंद नगर, तेलीबाग और गुलिस्ता कॉलोनी को कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है।
3392 परिवारों की स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को इंदिरा नगर के ए ब्लॉक, बी ब्लॉक, सी ब्लॉक, कैलाश कुंज, ज्ञान गंगा अपार्टमेंट न्यू हैदराबाद आदि से करीब 3392 परिवारों की स्क्रीनिंग की। सर्विलांस एवं कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर 410 लोगों के सैंपल लिए गए।
लोकबंधु व सिविल अस्पताल में भी अब महज आधा घंटे में कोरोना की जांच हो जाएगी और रिपोर्ट भी मिल जाएगी। दोनों अस्पतालों में ट्रूनेट मशीन लगा दी गई है। ट्रॉयल शुरू हो गया है। अस्पताल के प्रभारी का कहना है दो से तीन दिन में जांच की सुविधा शुरू हो जाएगी।
कोविड अस्पताल होने बाद भी लोकबंधु व सिविल में कोरोना जांच की सुविधा नहीं थी। ऐसे में यहां आने वाले मरीजों के नमूने केजीएमयू भेजे जाते थे। रिपोर्ट आने तक मरीजाें को आइसोलेशन में रखा जाता था। सिविल व लोकबंधु अस्पताल के निदेशक डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि शासन की ओर से ट्रूनेट मशीन दी गई है। जिसे दोनों अस्पताल में इंस्टॉल कर दिया गया है। सिविल को दो और लोकबंधु अस्पताल को एक मशीन मिली है। कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब आधा से 50 मिनट में कोरोना रिपोर्ट आ जाएगी।
कोरोना मरीजों का इलाज किए जाने के बाद शनिवार को 11 निजी अस्पतालों की कई यूनिट को 24 घंटे के लिए बंद कराया गया। इन्हें सैनिटाइज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मरीज के संपर्क में आए डॉक्टरों और स्टॉफ की सूची बनाई जा रही है। इन सभी के नमूने लेकर जांच होगी।
एसीएमओ डॉ. अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि श्याम निदान क्लीनिक, हनुमंत एंडोसर्जरी सेंटर, सुषमा हॉस्पिटल, डॉ. विवेक अग्रवाल क्लीनिक, डॉ. सीमा क्लीनिक, शेखर हॉस्पिटल, सिप्स, अरोड़ा क्लीनिक चंदननगर, फातिमा हॉस्पिटल, ग्रीन क्रॉस मेडिकल सेंटर और मेदांता अस्पताल की यूनिट बंद की गई हैं। कई अस्पतालों को पहले भी मरीज और कर्मचारी संक्रमित मिलने पर बंद कराया जा चुका है।