फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विपक्ष के 'खास' नेताओं को साधने में जुटी भगवा टोली, चुनावी प्लान में ये एजेंडे शामिल

Sat, 15 Sep 2018 10:41 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
मिशन 2019 को लेकर बैठक करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
प्रदेश में लोकसभा की 74 सीटें जीतने के लिए मिशन 2019 का चुनावी खाका खींचने शुक्रवार को यहां जुटे भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में फरवरी तक चुनावी प्लान का रोडमैप तय कर दिया गया। रैलियां, बैठकें और सम्मेलनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनवरी-फरवरी में पांच-पांच चुनावी रैलियां भी तय कर दी गई हैं। उससे पहले भी इनके कार्यक्रम होंगे। 
विज्ञापन


नेताओं ने पिछले दिनों तय हुए सपा, बसपा और कांग्रेस मुक्त बूथों के काम का पूरा प्लान पदाधिकारियों को देकर उसे कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने को कहा। कुछ पदाधिकारियों ने एससी-एसटी एक्ट पर नेतृत्व को सचेत करने की कोशिश करते हुए दबे स्वरों में चेतावनी भी दी। पर, भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने पदाधिकारियों से कहा कि बेफिक्र रहें, सही तथ्य रखकर इस एक्ट के खतरे को खत्म कर लिया जाएगा।

पदाधिकारियों को सभी बूथों पर भाजपा के समीकरणों पर विपक्ष को भारी बनाने वाले नेताओं को तोड़कर भाजपा में लाने पर फोकस करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में तय हुआ कि लोकसभा चुनाव में फतह के लिए संपर्क, संवाद और सरोकारों पर काम के साथ अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं और कामों के सहारे भी लोगों को जोड़ा जाए। इसके लिए स्व. वाजपेयी के पहले मासिक श्राद्ध 16 सितंबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में काव्यांजलि के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर को भी बूथ स्तर तक मनाने की योजना बनी है।
विज्ञापन


पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक का एक वर्ष 29 सितंबर को पूरा हो रहा है। इस मौके को भी भाजपा ने सर्जिकल स्ट्राइक की शौर्यगाथा के सहारे भी चुनावी बिसात सजाने की रणनीति का हिस्सा बनाया है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल का भी सहारा लेने का फैसला हुआ।

कब कौन-सा कार्यक्रम

अक्तूबर की 2 तारीख को इस बार महात्मा गांधी की 150वीं जयंती होगी। भाजपा ने बापू की जयंती से देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्तूबर तक इनकेे कामों पर अभियान चलाकर भी सरोकारों के समीकरण सजाने तैयारी की है।

31 अक्तूबर को गुजरात में लगी पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा के अनावरण पर उत्तर प्रदेश से भी लोगों को ले जाने की योजना बनी। उस दिन सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता ‘रन फॉर यूनिटी’ में दौड़ेंगे। भाजपा कार्यकर्ता दशहरा से दिवाली तक पदयात्राओं के सहारे भी लोगों से संवाद व संपर्क करेंगे। गांधीजी की 150वीं जयंती के उपलक्ष में 15 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा के बहाने भी लोगों से जुड़ने और उन्हें जोड़ने की कोशिश होगी।

मोदी के जन्मदिन से दीनदयाल की जयंती तक सेवा सप्ताह
मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर तक सेवा सप्ताह मनाने की योजना भी बनी है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता मलिन बस्तियों में सफाई, बूथों पर स्वच्छता, स्वास्थ्य परीक्षण सहित अन्य सरोकारों से जुड़े कामों पर शिविर लगाकर लोगों को जोड़ेंगे।
विज्ञापन

कुंभ तीर्थ यात्रियों की मदद करेंगे कार्यकर्ता

Kumbh Mela 2019
सरकार कुंभ के आयोजन को अद्वितीय बनाकर सरोकारों के समीकरणों से चुनावी गणित दुरुस्त करने की तैयारी में जुटी है। अब संगठन ने भी इस आयोजन के जरिये भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की रणनीति बनाई है। इसके तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रयाग में अगले वर्ष जनवरी में होने वाले कुंभ में तीर्थ यात्रियों की सहायता के लिए लगाया जाएगा। ये कार्यकर्ता तीर्थ यात्रियों की गंतव्य तक पहुंचाने, उन्हें ठहराने और स्नान कराने में मदद करके वापस घर जाने के लिए स्टेशनों पर बैठाने के साथ ही चिकित्सा और भोजन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। 

इस तरह भी बनाएंगे माहौल
अटलजी की स्मृति में 16 सितंबर को काव्यांजलि के जरिये श्रद्धांजलि के तहत प्रदेश में कई स्थानों पर कवि सम्मेलन होंगे। इनमें अटल की कविताओं के पाठ के साथ उनके कामों को भी याद किया जाएगा। इसके अलावा ‘अजेय भारत-अटल भाजपा’ अभियान समेत कई अभियान चलाए जाएंगे। सर्जिकल स्ट्राइक पर शौर्य दिवस के आयोजनों में सैनिक परिवारों के साथ आम लोगों को भी जुटाकर भाजपा सीमाओं की सुरक्षा के लिए किए गए कामों को बताएगी।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने की। राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय,  दयाशंकर सिंह, प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह, अशोक कटारिया, विजय बहादुर पाठक ने भी विचार रखे। बैठक में सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष और क्षेत्रीय महामंत्री भी बुलाए गए थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें