भाजपा के प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता ह्रदय नारायण दीक्षित शुक्रवार को एक सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में लाया गया।
भाजपा नेता ह्रदय नारायण दीक्षित अपनी निजी स्कार्पियों कार से लखनऊ से इलाहाबाद जा रहे थे। शाम करीब साढ़े 3 बजे वह रायबरेली जिले के हरचंदपुर के पास सड़क हादसे का शिकार हो गए।
ह्रदय नारायण दीक्षित की कार जब हरचंदपुर और गंगागंज के बीच स्थित कथरावां के पास थी तभी एक तेज रफ्तार से आ रही बुलेरों ने उनकी गाड़ी को बगल से टक्कर मार दी।
दोनों ही गाड़ियां तेजी में थीं। बगल से टक्कर लगते ही ह्रदय नारायण दीक्षित की गाड़ी तेजी के साथ डिवाइडर पर चढ़ गई। ड्राइवर की सूझबूझ से गाड़ी पलटने से बच गई।
इस दुर्घटना में ह्रदय नारायण दीक्षित के हाथ, पैर और सर पर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद उन्हें लखनऊ लाया गया। उधर जिस गाड़ी ने टक्कर मारी है उसकी शिनाख्त अभी नहीं हो सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाडी में भारत सरकार लिखा हुआ था।
लखनऊ के सिविल अस्पताल में ह्रदय नारायण का इलाज चल रहा है। जिस समय यह दुर्घटना हुई उस समय गाड़ी में ह्रदय नारायण दीक्षित के अलावा दो लोग और सवार थे। इन लोगों को भी मामूली चोटें आईं हैं।