भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह उर्फ शम्मी की बहन की शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत से कुछ देर पहले ही मृतका ने भाई परविंदर और बड़ी बहन से बात की थी। भाई ने अपने जीजा पर बहन की पीट-पीटकर और रस्सी से गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है और पड़ताल में जुट गई है।
कोतवाली नगर के अस्पताल चौराहा निवासी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह ने अपनी बहन सिमरन कौर उर्फ सिम्मी (32) की शादी कोतवाली देहात के मोहल्ला नौवागढ़ी निवासी रंजीत सिंह से की थी। शुक्रवार की रात सिमरन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
ये भी पढ़ें - गुड्डू मुस्लिम के नाम पर किसान नेता को धमकी, 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी, कहा- इलाहाबाद पहुंचाओ
ये भी पढ़ें - माफिया अतीक की कब्जाई गईं जमीनें पीड़ितों को लौटाने पर मंथन, आयोग के गठन पर सरकार कर रही विचार
भाई परविंदर ने आरोप लगाते हुए बताया कि शुक्रवार की रात बहन सिमरन का फोन आया था। जीजा रंजीत सिंह किसी बात को लेकर उसके साथ झगड़ रहा था। मेरा फोन कटने के बाद सिमरन ने बड़ी बहन से भी बात की थी लेकिन कुछ मिनट बाद ही अचानक जीजा रंजीत का फोन आया की बहन की मौत हो गई है। घर जाकर देखा तो कुछ मिनट पहले बात करने वाली बहन बेड के पास पड़ी थी। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। तत्काल उसे मेडिकल कालेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परविंदर ने आरोप लगाया की जीजा रंजीत सिंह और जीजा के भाई हरजीत सिंह ने उसके बहन की पीट- पीटकर और रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी है। सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि मौके से साक्ष्य संकलित किए गए है। हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आईपीएल का मैच देखने लखनऊ जाने वाली थी सिमरन
भाजपा नेता भाई परविंदर ने बताया कि सिमरन आत्महत्या कर ही नहीं सकती। आज लखनऊ में होने वाले आईपीएल मैच को देखने के लिए उसने टिकट बुक करवाई थी। मैच को लेकर बहुत खुश थी।
लोकतंत्र सेनानी जोगेंद्र सिंह की पुत्री है मृतका
संदिग्ध परिस्थितियों में मृत हुई सिमरन कौर लोकतंत्र सेनानी सरदार जोगेंद्र सिंह की बेटी है जिसके चलते मौत की सूचना पर भारी भीड़ जमा रही। वहीं, मृतका का 12 वर्षीय बेटा मनीत सिंह घटना के वक्त लखनऊ में था जो घटना के बाद से लगातार रो रहा है।