भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव ने मीडिया से भी बात की।
- फोटो : amar ujala
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव डी पुरंदेश्वरी मंगलवार को लखनऊ पहुंचीं। वह हर महीने दो राज्यों के चक्रीय प्रवास के तहत लखनऊ पहुंचीं। जहां उन्होंने पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्यों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रंशसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से ही यूपी में निवेश का माहौल बना है।
बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि आमतौर पर नेताओं का भव्य जन्मदिन मनाया जाता है लेकिन मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा मनाया गया। हमारी पार्टी का मूल मंत्र भी अंत्योदय का कल्याण है। केंद्र और राज्य सरकारों की हर योजना के केंद्र में गरीब व्यक्ति ही है। हर योजना गरीब कल्याण और गरीब का विकास है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल मे भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व सेवा कार्य किए। नेता वही है जो चुनौतियों को अवसर में बदले। पीएम मोदी ने आपदा को अवसर में बदला। उनमें दृढ़ नेतृत्व शक्ति है। उन पर परिवारवाद व भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश के विकास पर फोकस किया हुआ है। सरकार पर कोई आरोप नही है। कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार आया है। पहले शाम को महिलाओं को बाहर जाने से डर लगता था पर आज महिलाए सुरक्षित महसूस करती हैं।
उन्होंने दावा किया कि योगी राज में प्रदेश में तीन लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है। प्रदेश में इन्वेस्ट फ्रेंडली माहौल बना है। पांच साल में पांच लाख लोगों को सरकारी नौकरी मिली है। भाजपा यूपी को सुशासन दे रही है।