देवरिया से भाजपा विधायक रहे जनमेजय सिंह के पुत्र अजय सिंह उर्फ पिंटू सिंह को नाम वापस लेने के लिए राजी करने की कोशिश की जा रही है। जनमेजय सिंह के निधन के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। अजय भाजपा से टिकट के दावेदार थे लेकिन पार्टी ने यहां सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी को अपना प्रत्याशी बनाया है। इस पर अजय ने भाजपा से बगावत कर नामांकन कर दिया।
पार्टी नेतृत्व को टूंडला और बांगरमऊ में भी कुछ लोगों के अंदर से विरोध करने की शिकायत मिली है। वहां संबंधित लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया गया है। साथ ही अनुशासन को लेकर कड़ी चेतावनी भी दी गई है।
मल्हनी में निर्दलीय चुनाव लड़ रहे धनंजय सिंह और निषाद पार्टी के गहरे रिश्ते को देखते हुए भाजपा ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद की प्रेस कॉन्फ्रेंस कराकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि निषाद पार्टी पूरी तरह भाजपा के साथ है। निषाद ने कहा भी कि वह एनडीए का हिस्सा थे, हैं और आगे भी रहेंगे।