सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सत्ता के अहंकार में भाजपा किसानों का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा, कृषि कानूनों केखिलाफ किसानों के आंदोलन को एक माह पूरा हो गया है। लेकिन भाजपा अपने प्रिय पूंजीपति मित्रों का समर्थन करते हुए ऐसे रास्ते पर चल पड़ी है जो किसान, मजदूर एवं निम्न मध्यम वर्ग के खिलाफ जाता है।
उन्होंने कहा, एक ओर भाजपा सरकार आंदोलनकारी किसानों के बारे में तमाम अनर्गल आरोप लगा रही है, वहीं उनसे वार्ता की भी पेशकश कर रही है। यह अपने अधिकारों के लिए सड़क पर बैठे किसानों का अपमान है। सरकार ‘किसान सम्मान’ की नाममात्र धनराशि देने की आड़ में काले कृषि कानून लागू कर उनका लाखों का नुकसान करना चाहती है। देश-प्रदेश में जबसे भाजपा सरकार बनी है, किसानों के लिए संकट के हालात बन गए हैं। वस्तुत: यह किसान आंदोलन भाजपा सरकार की विफलता का जीवंत स्मारक है। समाजवादी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। उधर, गांवों में रविवार को तीसरे दिन भी पार्टी विधायकों, सांसदों व कार्यकर्ताओं ने अलाव पर चौपाल लगाई और किसानाें की समस्याओं पर चर्चा की।