भाजपा ने पंचायत चुनाव के लिए तैयारियां तेज करते हुए छह क्षेत्रों के प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं।
पार्टी ने प्रदेश महामंत्री एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर को पश्चिम और कन्नौज के सांसद एवं प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक को काशी क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। अवध क्षेत्र की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य को दी गई है।
पार्टी मुख्यालय में रविवार को हुई बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को मुख्यालय का प्रभारी महामंत्री नियुक्त किया है। वहीं, पूर्व सांसद प्रियंका रावत को कानपुर-बुंदेलखंड, प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता को गोरखपुर और अश्विनी त्यागी को ब्रज का महामंत्री बनाया है।
इससे पहले जेपीएस राठौर अवध और गोविंद शुक्ला ब्रज के प्रभारी थे। बैठक में युवा मोर्चा, महिला, किसान समेत अग्रिम मोर्चों, प्रकोष्ठ और विभागों की नई टीम पर भी मंथन किया गया। जल्द ही इनकी घोषणा होने की उम्मीद है।
बता दें कि प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सरकार 31 मार्च से पहले हर हाल में चुनाव पूरा करवा लेना चाहती है। इसके लिए राजनीतिक दलों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में इस बार के पंचायत चुनाव अलग होंगे। इनमें आम आदमी पार्टी ने भी भाग लेने की घोषणा कर दी है और अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, शिवसेना ने भी प्रत्याशियों के लिए आवेदन मांगे हैं।
उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य. क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के चुनाव इस बार एक साथ होंगे। अभी तक की तैयारियां मार्च 2021 में चुनाव कराने की हैं। आरक्षण का फार्मूला जल्द तय हो जाएगा। वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया फरवरी के तीसरे सप्ताह तक पूर्ण कर ली जाएगी।
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायतों, ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत का कार्यकाल क्रमश: 25 दिसंबर, 14 जनवरी और 18 मार्च को समाप्त हो रहा है। 25 दिसंबर को आधी रात से ग्राम पंचायतें भंग हो चुकी हैं। कोविड-19 के चलते प्रदेश में पंचायत चुनाव समय से नहीं हो पाए हैं।