भाजपा ने पंचायत चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायकों और नेताओं द्वारा चुनावों में कराई जा रही बूथ कैप्चरिंग और हिंसा की घटनाएं सार्वजनिक होने लगी हैं।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पंचायत चुनाव के प्रभारी शिव प्रताप शुक्ल ने कहा, सपा से जुड़े लोग लगातार बाहुबल का प्रदर्शन कर चुनाव को प्रभावित कर रहे हैं।
मैनपुरी में जिस तरह पैकफेड के चेयरमैन तोताराम यादव ने न केवल मतदान को प्रभावित किया वरन खुद ही मतपत्र पर मुहर लगाते हुए देखे गए, उससे चुनावों की निष्पक्षता जगजाहिर होती है।
विभिन्न जिलों में सपा नेता मनमानी पर उतारू हैं। उन्होंने मांग की कि तोताराम की बूथ कैप्चरिंग से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की जाए।
भाजपा ने वरिष्ठ मंत्री शिवपाल यादव के साथ बूथ कैप्चर करने वाले तोताराम यादव के मंच साझा करने पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा, गंभीर मामलों के आरोपी जब मंत्रियों के साथ रहेंगे तो निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद कैसे की जा सकती है।