गौतम बुद्ध डिग्री कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय गौरव सेमिनार
लखनऊ। प्रदेश के संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि बिरसा मुंडा न केवल आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी और धार्मिक सुधारक थे, बल्कि उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। वह गौतम बुद्ध डिग्री कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय गौरव सेमिनार के समापन अवसर पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को संगठित किया, महिलाओं को सशक्त बनाया और कुरीतियों व अंधविश्वासों के खिलाफ आवाज उठाई। उनका व्यक्तित्व और योगदान हर भारतीय के लिए अनुकरणीय है। कार्यक्रम में गौतम बुद्ध शिक्षण संस्थान के संस्थापक आरएस कुशवाहा और अध्यक्ष सोमिल कुशवाहा ने राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी को गौतम बुद्ध स्मृति सम्मान से सम्मानित किया।
सेमिनार का संचालन कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. रश्मि शर्मा ने किया। इस अवसर पर दीप्ति जायसवाल, रीना दीक्षित, प्रीति दीक्षित, भिक्खु प्रज्ञावर थेरो, राजीव द्विवेदी, जनार्दन प्रताप, डॉ. मनमीत कौर, डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव और पिंकी शुक्ला सहित कई विद्वानों ने बिरसा मुंडा के जीवन और योगदान पर अपने विचार रखे तथा शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए।