लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार के सेक्टर 6 स्थित बिजली उपकेंद्र का बिलिंग काउंटर मंगलवार सुबह 9:30 बजे तक नहीं खुला। इससे बिल जमा करने गए सेक्टर तीन निवासी मो. जुबैर व रिजवान निराश होकर लौट आए।
मो. जुबैर ने बताया कि सुबह नौ बजे बिलिंग काउंटर पर कोई भी कर्मी मौजूद नहीं था। आधा घंटा इंतजार के बाद भी जब कोई कर्मी नहीं आया तो लौट आया। वहीं, रिजवान ने बताया कि ऐसा कई बार हो चुका है। प्राइवेट नौकरी में काम पर समय पर पहुंचना होता है, इसलिए सोचा था कि सुबह बिल जमा कर काम पर चला जाऊंगा। इंजीनियरिंग कॉलेज उपकेंद्र के उपखंड अधिकारी राम लखन ने बताया कि बिलिंग काउंटर पर टीजी 2 मनोज कुमार की ड्यूटी थी। मनोज ने जाम में फंसने के कारण देरी होने की बात कही है। मनोज से पत्र लिखकर जवाब मांगा गया है।
बंद काउंटर और खाली पड़ी कुर्सी।