लखनऊ। मड़ियांव इलाके में शनिवार दोपहर बाइक से दवा लेने जा रहे युवक को बेकाबू पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
अल्लूनगर निवासी धीरज जायसवाल के मुताबिक चार दिन पहले उनके साले बीकेटी के रुदही गांव निवासी सूरज (21) घर आए थे। शनिवार दोपहर सूरज बाइक से दवा लेने जा रहे थे। तभी परागी मंदिर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, पिकअप लेकर भाग रहे चालक को लोगों ने दबोच लिया। पुलिस ने सूरज को ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र के मुताबिक पिकअप कब्जे में लेकर आरोपी चालक रिजवान को गिरफ्तार किया गया है। सूरज हेलमेट नहीं लगाए थे। वह प्राइवेट नौकरी करते थे। उनके परिवार में पिता धनीराम, मां राम देवी व भाई जितेंद्र हैं।