लखनऊ। अमीनाबाद इलाके में मंगलवार तड़के परिवार के साथ ऑटो से जा रही युवती से बाइक सवार दो बदमाश पर्स लूट ले गए। पर्स में कुछ रुपये, मोबाइल व जेवर रखे थे। युवती के पिता ने अमीनाबाद थाने में लूट का केस दर्ज कराया है।
सीतापुर के रेउसा बजहा गांव निवासी राम हरख मंगलवार चारबाग रेलवे स्टेशन से कैसरबाग बस अड्डे ऑटो से जा रहे थे। लाटूश रोड स्थित पीली मस्जिद के पास पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरे चलते ऑटो में राम हरख की बेटी प्रीति भार्गव के हाथ से पर्स लूट ले गए। घटना के बाद ऑटो वाले ने बाइक सवार लुटेरों का पीछा भी किया पर वे भागने में सफल रहे। राम हरख के मुताबिक पर्स में दो मोबाइल फोन, 1500 रुपये और कुछ जेवर रखे थे।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची अमीनाबाद पुलिस ने भी बाइक सवार लुटेरों को इधर-उधर तलाशा पर कुछ पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर अमीनाबाद सुनील कुमार आजाद ने बताया कि लूट का केस दर्ज कर, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बाइक सवार लुटेरों के बारे में पता लगाया जा रहा है।