लखनऊ। शहीद पथ पर चलती स्कूटी में युवती से आठ किमी. तक छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को बिजनौर पुलिस ने बुधवार दोपहर सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई बाइक को भी बरामद कर लिया है। आरोपी एक बाइक मैकेनिक से गाड़ी मांग कर लाया था।
एडीसीपी साउथ राजेश यादव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व घटना के वीडियो से बाइक का नंबर मिला था। नंबर की मदद से जानकारी मिली कि बाइक जानकीपुरम के रहने वाले अमरीश वर्मा व्यक्ति की है। पुलिस जब उनके घर पहुंची तो उन्होंने बताया कि गाड़ी उन्होंने विकासनगर सब्जी निवासी मैकेनिक रवि को दी थी। पुलिस ने बाइक मैकेनिक रवि को पकड़ा और पूछताछ की तो रवि ने बताया कि बाइक सैरपुर कमलाबाद बढ़ौली निवासी शीशा कारीगर फुरकान मांग कर ले गया था। फुरकान उक्त बाइक खरीदना चाहता था। फुरकान का नाम सामने आने बाद पुलिस ने उसके घर दबिश दी तो वह घर से गायब मिला। पुलिस ने सर्विलांस का सहारा लिया तो बुधवार को उसकी लोकेशन सीतापुर मिली। पुलिस ने आरोपी फुरकान को सीतापुर से गिरफ्तार कर बाइक को बरामद कर लिया है। आरोपी ने बताया कि पुलिस के डर से वह लखीमपुर खीरी जा रहा था।
एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि रविवार को वह लुलु मॉल में एक दुकान में शीशा लगाने गया था। शीशा लगाकर लौटते वक्त शहीद पथ पर स्कूटी सवार युवती अकेले नजर आई। युवती को अकेला देख आरोपी ने बाइक उनके पीछा लगा दी और छेड़छाड़ करने लगा।
कृष्णानगर की रहने वाली युवती के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई थी। युवती का आरोप है कि उन्होंने आशियाना और पीजीआई पुलिस से शिकायत की थी, पर पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई थी। अंत में जब मामला डीसीपी साउथ के संज्ञान में आया तो उनके आदेश पर बिजनौर थाने में केस दर्ज किया गया। केस दर्ज करने में पुलिस की इस लापरवाही को अधिकारियों ने नजर अंदाज कर दिया।