लखनऊ। मड़ियांव में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बीए छात्र अंजनी कुमार मिश्रा (22) की मौत हो गई। अंजनी परीक्षा देने जा रहे थे।
अंजनी के बड़े भाई फैजुल्लागंज निवासी शरद ने बताया कि भाई मुमताज डिग्री कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। शुक्रवार सुबह आठ बजे वह बाइक से परीक्षा देने के लिए घर से निकला था। तभी घर से कुछ दूरी पर कच्ची ढाल के पास पीछे से आया बेकाबू अज्ञात वाहन भाई की बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भाई छिटक कर दूर जा गिरा।
आरोपी चालक वाहन के साथ भाग निकला। शरद ने बताया कि हेलमेट न पहनने के कारण अंजनी का सिर फट गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच वहां से गुजर रहे परिचित ने अंजनी को घायल देख घर में उन्हें इसकी जानकारी दी। आनन-फानन शरद भाई को लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पांच वर्ष में तीन बेटों की मौत से टूटे पिता
अंजनी के दो और भाई अमर व शुभम की पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। ऐसे में जब एक और बेटे की मौत की खबर पिता श्याम मिश्रा को मिली तो वह बेसुध हो गए। किसी तरह पड़ोसी और शरद उन्हें होश में लाए। वह दहाड़े मार-मार कर रोने लगे। अंजनी की मां मंजू देवी की 2016 में बीमारी से मौत हो गई थी। पिता श्याम मिश्रा आटा चक्की में काम करते हैं।
भाई ने की फुटेज देखने की मांग
भाई शरद ने पुलिस से घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने की मांग की है। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के मुताबिक अभी तहरीर नहीं मिली है। फुटेज के जरिये आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।