निगोहां। उदयपुर गांव के पास रविवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार उतरांवा का मजरा बखतखेड़ा निवासी दीपक सिंह (33) की मौके पर मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। उसे सीएचसी भेजा गया, जहां से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
निगोहां के उतरांवा का मजरा बखतखेड़ा निवासी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सबसे छोटा भाई दीपक सिंह रविवार देर रात घर से निकला था और रास्ते में पतौना निवासी साथी राजेंद्र के साथ निगोहां कस्बा चला गया था। रविवार देर रात लगभग 12:30 बजे वह उदयपुर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के लिए जा रहा था, तभी लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में दीपक का सिर फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दीपक अविवाहित था और खेती किसानी करता था। वाहन चलाते समय उसने हेलमेट नहीं पहना था। तीन भाइयों में बड़ा भाई भूपेंद्र व मंझला भाई सोनू है। मृतक के पिता बिमलेश व मां की मृत्यु हो चुकी है। थानाध्यक्ष अनुज तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।