बख्शी का तालाब। संसारपुर गांव के पास रविवार सुबह करीब आठ बजे हाफ डाला की बाइक से टक्कर हो गई। सिर पर चोट लगने से बाइक सवार गांव निवासी मनोज रावत (25) की मौत हो गई, जबकि उनका दोस्त कमलेश घायल हो गया।
हादसे के बाद चालक डाला छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कमलेश को राम सागर मिश्र अस्पताल में भर्ती कराया और वाहन कब्जे में ले लिया। मनोज महिंगवा बांकेनगर के पास स्थित मुर्गीदाना फैक्टरी में काम करते थे। सुबह आठ बजे वह घर जा रहे थे तभी हादसा हो गया।
दुर्घटना की खबर पाकर मनोज के परिजन व गांव के लोग एकत्र हो गए। आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की और सड़क जाम करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई। जाम हटाने के प्रयास पर पुलिस की ग्रामीणों से धक्का-मुक्की हो गई। दो घंटे समझाने-बुझाने के बाद परिजन व ग्रामीण शांत हुए। प्रभारी निरीक्षक बीकेटी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मनोज की पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी डाला चालक की तलाश की जा रही है।
शाम को घर पर थी बेटे की छठी की दावत
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि मनोज की पत्नी पूनम ने छह दिन पहले एक बेटे को जन्म दिया है। रविवार को घर में बेटे की छठी के कार्यक्रम की दावत थी। इसलिए मनोज भी दो दिन फैक्टरी में नाइट ड्यूटी करने के बाद रविवार सुबह छुट्टी लेकर घर आ रहे थे। हादसे की खबर पर पूनम दोनों बच्चों को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गई। पति का शव देखते ही वह बेसुध हो गईं। परिजनों ने किसी तरह उनको संभाला।