मलिहाबाद। रहीमाबाद थाने के निकट राधे लाल ढाबे के सामने सोमवार रात दो बजे गलत दिशा से जा रहे बाइक सवारों को संडीला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इसमें बाइक चालक माल के चमरखेड़ा गांव निवासी शटरिंग कारीगर मोनू गौतम (22) की मौत हो गई। उनका साथी हरदोई के ढ़िकुन्नी का रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक कार लेकर भाग निकला। मोनू हेलमेट नहीं पहने थे।
माल थानाक्षेत्र के चमर खेड़ा निवासी संजय ने बताया कि उनका छोटा बेटा मोनू रहीमाबाद के कुटी गांव में रिश्तेदारी के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए सोमवार शाम बाइक से गया था। पुलिस के मुताबिक हादसे में बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मोनू और रवि को सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया। अविवाहित मोनू के परिवार में मां सरिता देवी, बड़ा भाई राहुल भी हैं। रहीमाबाद थाने के कार्यवाहक प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से कार का नंबर और गाड़ी की पहचान कर ली गई है। प्रार्थना पत्र मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।