लखनऊ। चिनहट कस्बे में सोमवार सुबह सड़क पर मिले शव की पहचान न्यू नंदी विहार कॉलोनी निवासी संदीप सोनी (23) के रूप में हुई। भाई तुषार ने मंगलवार दोपहर लोहिया अस्पताल में शव की शिनाख्त की। तुषार ने दो दोस्तों पर संदीप को घर बुला कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रात करीब आठ बजे मल्हौर स्टेशन रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया। कार्रवाई के आश्वासन पर दो घंटे तक चला प्रदर्शन खत्म हुआ।
तुषार ने बताया कि संदीप मैकेनिक था। रविवार रात आठ बजे वह पत्नी शोभा से दोस्त के बर्थडे पार्टी में शामिल होने की बात कहकर घर से पैदल निकल गया था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर जब शोभा ने कॉल की तो संदीप का मोबाइल स्विच ऑफ जाने लगा। अनहोनी की आशंका पर घरवालों ने भाई को काफी खोजा मगर उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह करीब छह बजे अज्ञात शव मिलने पर चिनहट पुलिस ने उसे लोहिया अस्पताल भेज दिया। काफी छानबीन करने पर पुलिस को तुषार के मोबाइल नंबर की जानकारी हुई। पुलिस की सूचना पर पहुंचे तुषार ने शव की शिनाख्त की।
पांच माह पहले हुई थी शादी
भाई तुषार का आरोप है कि संदीप के दो दोस्तों ने उसे बर्थडे पार्टी का झांसा दिया। भाई जब घर पहुंचा तो उसकी दोनों ने हत्या कर दी और शव सड़क पर फेंक दिया। आरोप लगाया कि जब उन्होंने चिनहट थाने में संदीप की कॉल डिटेल चेक करने की बात कही तो पुलिस हीलाहवाली करने लगी। इस बात से नाराज होकर वह घरवालों के साथ चिनहट स्थित मल्हौर स्टेशन रोड पहुंचे और शव सड़क पर रख प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे वहां जाम लग गया। मामले की सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने घरवालों को समझाने की कोशिश की। मगर वे नहीं माने। आखिर में रात दस बजे पुलिस ने जब आरोपियों पर कार्रवाई की बात कही तो वे मान गए। -
भाई ने दी थाने में दी तहरीर
एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि तुषार ने संदीप के दो दोस्तों के खिलाफ चिनहट थाने में नामजद तहरीर दी है। मामले की जांच के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। जांच के दौरान जो भी साक्ष्य मिलेंगे उस आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ चिनहट पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
कार्रवाई की मांग के समर्थन में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते लोग
कार्रवाई की मांग के समर्थन में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते लोग
कार्रवाई की मांग के समर्थन में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते लोग
कार्रवाई की मांग के समर्थन में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते लोग
कार्रवाई की मांग के समर्थन में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते लोग