बख्शी का तालाब। महिगवां में शुक्रवार सुबह वाहन को ओवरटेक करते वक्त बाइक के अनियंत्रित होने से चालक गिर गया। तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर-टैंकर के पहिये के नीचे आने से उसकी मौत हो गई। उसके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर-टैंकर को कब्जे में ले लिया।
महिगवां के मुसपिपरी गांव निवासी प्रभात कुमार रावत (40) गुडंबा के पहाड़पुर स्थित कंपनी में मजदूरी करते थे। रिश्ते में भाई शिवदीप ने बताया कि प्रभात बाइक से दोस्त सुरेश के साथ ड्यूटी पर जा रहे थे। बाइक चला रहे प्रभात हेलमेट पहने हुए थे। सुबह 9:30 बजे महिगवां में दरियापुर चौराहे के पास वाहने को ओवरटेक करते समय भाई प्रभात की बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे वह दोस्त के साथ सड़क पर गिर गए। तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर-टैंकर का पहिया प्रभात के सिर के ऊपर से निकल गया। हेलमेट सहित सिर के परखच्चे उड़ गए। सुरेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से अफरातफरी मच गई।
भाग निकला ट्रैक्टर चालक
हादसे के बाद खुद को घिरता देख ट्रैक्टर चालक भाग निकला। महिगवां पुलिस ने सुरेश को अस्पताल पहुंचाया। इंस्पेक्टर रामकुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर चालक टैंकर में ग्लूकोज फैक्टरी से अपशिष्ट लेकर जा रहा था। उसकी तलाश की जा रही है। प्रभात के घरवालों ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी हे। उनके परिवार में पत्नी सुमन और दो बेटे हैं।
निजी कार चालक की हादसे में मौत
लखनऊ। गाजीपुर थानाक्षेत्र में बृहस्पतिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से निजी कार चालक की मौत हो गई। चिनहट के मटियारी निवासी रविंद्र ने बताया कि उनके भाई गजेंद्र गौतम (35) इंदिरानगर के लक्ष्मणपुरी में रहने वाली महिला की कार चलाते थे। बृहस्पतिवार रात 9:30 बजे गजेंद्र ड्यूटी के बाद बिना हेलमेट लगाए बाइक से घर लौट रहे थे। एचएएल गेट के पास अज्ञात वाहन से बाइक की टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें लोहिया अस्ताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रविंद्र को हादसे की जानकारी दी। गजेंद्र की मई में शादी थी। (संवाद)