लखनऊ। गोसाईंगंज इलाके में शनिवार शाम विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार श्रमिक दिनेश रावत (47) की मौत हो गई। बाइक सवार युवक भाग निकला। मृतक ने हेलमेट नहीं पहना था।
श्रमिक दिनेश रावत गोसाईंगंज के सिठौली खुर्द का रहने वाला था। मृतक के चचेरे भाई महेश ने बताया कि दिनेश के ससुर बाराबंकी के जैदपुर भगौती की बीमारी के चलते शनिवार सुबह मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार के बाद देर शाम ससुराल से लौटते वक्त गंगागंज कस्बे में हादसा हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस दिनेश को एपेक्स ट्रॉमा-2 ले गई। उनके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि दिनेश की मौत हो चुकी है। इंस्पेक्टर गोसाईंगंज डीके सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। मृतक के परिवार में पत्नी बुधाना, दो बेटियां और एक बेटा है।