ओवरटेक के दौरान ट्रैक्टर ट्राॅली से टकराई बाइक, युवक की मौत
लखनऊ। पीजीआई इलाके में शुक्रवार को ओवरटेक के दौरान ट्रैक्टर ट्राॅली से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार मोहनलालगंज के दादियाना निवासी अमरेश कुमार (30) की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक अमरेश कुमार घरों में पेंटिंग करते थे। शुक्रवार शाम 7:30 बजे वह हेलमेट लगाकर बाइक से गोसाईंगंज से घर लौट रहे थे। किसान पथ पर डलोना रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक्टर ट्राॅली को ओवरटेक करने लगे। तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर ट्राॅली से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अमरेश का हेलमेट निकल कर अलग जा गिरा। गंभीर रूप से घायल अमरेश को पीजीआई पुलिस ने एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी अर्चना और एक बेटी अर्पिता व बेटा आयुष है। इंस्पेक्टर के मुताबिक ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की गई है।
रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत
निगोहां। शेरपुर लवल मोड़ के पास सड़क पार करते समय बस की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर विष्णु कुमार (55) की शनिवार को मौत हो गई। मृतक के बेटे राजेंद्र के मुताबिक शुक्रवार शाम सात बजे पिता साइकिल से निगोहां बाजार जा रहे थे। शेरपुर लवल मोड़ पर बने हाईवे के कट की ओर पहुंचे ही थे तभी हादसा हो गया। पुलिस ने पिता को ट्रॉमा पहुंचाया, वहां शनिवार को उनकी मौत हो गई।