बाइक बोट घोटाले में बरामद बाइक
- फोटो : LKO CITY
लखनऊ। बाइक बोट घोटाले में शुक्रवार रात कमिश्नरेट पुलिस की क्राइम ब्रांच व पीजीआई थाने की संयुक्त टीम ने निगोहां व मोहनलालगंज इलाके से 153 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। ये मोटरसाइकिलें एक शोरूम की बेसमेंट और एक घर में रखी गई थीं। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने सूचना के आधार पर शुक्रवार की रात रायबरेली रोड स्थित निगोहां के उदयपुर गांव के एक मकान में छापा मारा। वहां से बाइक बोट कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने वाले अमित अग्रवाल को हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ के आधार पर मोहनलालगंज स्थित एक कार्यालय से 125 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। अमित के साझीदार कुलदीप शुक्ला के गांव बेहनवां से भी 28 मोटरसाइकिलें बरामद हुई। उसे भी हिरासत में लिया गया। बरामद सभी मोटरसाइकिलें नीले रंग की हैं और उन पर बाइक बोट के स्टीकर लगे हैं।
लखनऊ में दर्ज हैं 15 से अधिक मुकदमे
पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के खिलाफ राजधानी के गोमतीनगर, विभूतिखंड व गाजीपुर थाने में करीब 15 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि इस बरामदगी की सूचना घोटाले की जांच कर रही एजेंसी ईओडब्ल्यू को दे दी गई है। आरोपियों को भी जांच एजेंसी को सौंपा जाएगा। इस जालसाजी से जुड़े गिरोह का पूरे प्रदेश में नेटवर्क फैला हुआ है। पुलिस के मुताबिक यह घोटाला चार हजार करोड़ रुपये का है और प्रदेश के कई लोग इसमें नामजद हैं।
ईडी व ईओडब्ल्यू को इतनी बड़ी खेप छिपने की सूचना तक नहीं
बहुचर्चित बाइक बोट घोटाले की जांच ईडी व ईओडब्ल्यू कर रही है। 4000 करोड़ के घोटाले की जांच करने वाले एजेंसियों को राजधानी में इतनी बड़ी खेप की सूचना तक नहीं लग सकी। जबकि इस चर्चित घोटाले से जुड़ी कंपनी की फ्रेंचाइजी की जानकारी दोनों एजेंसियों को थी। पुलिस हिरासत में अमित अग्रवाल ने बताया कि नोएडा की कंपनी गर्वित इंफ्राटेक की उसने फ्रेंचाइजी ले रखी थी। एग्रीमेंट में दो सौ से अधिक बाइक खरीदने का समझौता हुआ था। इसी बीच इस कंपनी पर घोटाले का आरोप लगाया। कंपनी ने एग्रीमेंट रद्द कर दिया। जिसके कारण बाइकें उनके ऑफिस के बेसमेेंट और निगोहां में जहां गोदाम बना रखा था। पुलिस ने देर रात करीब नौ बजे से छापा मारी शुरू की थी। जो देर रात तक चलती रही। दो स्थानों से बाइक बरामद होने के बाद कुछ अन्य स्थानों के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस टीम वहां दबिश दे रही है।