विद्युत नियामक आयोग ने बीते शनिवार को बिजली की नई दरें घोषित की हैं। इसमें 500 यूनिट से अधिक बिजली जलाने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सात रुपये प्रति यूनिट का स्लैब खत्म कर दिया है। इसी प्रकार बीपीएल घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली रेट 3.35 से घटाकर 3.00 रुपये प्रति यूनिट और फिक्स चार्ज 90 से कम कर 50 रुपये कर दिया है। इससे राजधानी के चार लाख घरेलू उपभोक्ताओं को फायदा हुआ है। इनमें तीन लाख उपभोक्ता ऐसे हैं जो प्रति माह 500 यूनिट से अधिक बिजली जलाते हैं, वहीं बीपीएल के एक लाख उपभोक्ता हैं जो प्रति माह 100-100 यूनिट बिजली जलाते हैं। बिजली की नई दरें एक अगस्त से लागू होने की उम्मीद है। एक अगस्त से ये उपभोक्ता जो बिजली जलाएंगे उसका नए टैरिफ से भुगतान करेंगे। इसमें इन चार लाख उपभोक्ताओं के हर माह 12.75 करोड़ रुपये बचेंगे।
सामान्य श्रेणी के बिल में औसतन 400 रुपये घटेंगे
राजधानी के तीन लाख घरेलू उपभोक्ता हर माह 500 यूनिट से अधिक बिजली जलाते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं के बिल में अगस्त से औसतन 400 रुपये घट जाएंगे। इन उपभोक्ताओं में कोई 600 से 1000 यूनिट, कोई 1100 से 2000 तो कोई 2100 से 4000 यूनिट बिजली प्रति माह जलाता है। इसमें 2100 से 4000 यूनिट बिजली जलाने वाले सबसे ज्यादा उपभोक्ता इंदिरानगर, गोमतीनगर, विकासनगर, महानगर, आशियाना एवं एल्डिको इलाके में हैं। उधर, बीपीएल श्रेणी में 100 यूनिट जलाने वाले एक लाख उपभोक्ताओं के हर माह 75 रुपये बचेंगे। इस प्रकार कुल चार लाख उपभोक्ताओं के हर माह 12.75 करोड़ बचेंगे।
उदाहरण से समझे कैसे होगी बचत
मध्यम श्रेणी : प्रिया पाटिल की हर माह 309 रुपये की बचत
न्यू हैदराबाद निवासी प्रिया पाटिल ने जून में 1118 यूनिट बिजली जलाई। इनको जुलाई में 7351 रुपये का बिल चुकाना पड़ा। प्रिया इतनी ही यूनिट का अगस्त में बिल भरेंगी तो उनके 309 रुपये बचेंगे।
जुलाई में बना बिल अगस्त में बनेगा बिल
यूनिट रेट रुपये यूनिट रेट रुपये
150x5.50 = 825 150x5.50 = 825
150x6.00 = 900 150x6.00 = 900
200x6.50 = 1300 818x6.50 = 5317
618x7.00 = 4326 यह स्लैब खत्म
कुल 1118 7351 कुल 1118 7042
उच्च श्रेणी: सुमित के हर माह बचेंगे 1273 रुपये
हजरतगंज निवासी सुमित ने जुलाई में 2996 यूनिट का बिल 20,497 रुपये का जमा किया। अगस्त में इतनी यूनिट का बिल बनेगा तो उनको 19,224 रुपये जमा करने पड़ेंगे। इससे उनके 1273 रुपये बचेंगे।
जुलाई में बना बिल अगस्त में बनेगा बिल
यूनिट रेट रुपये यूनिट रेट रुपये
150x5.50 = 825 150x5.50 = 825
150x6.00 = 900 150x6.00 = 900
200x6.50 = 1300 2696x6.50 = 17,524
2496x7.00 =17,497 यह स्लैब खत्म
कुल 2996 20,497 कुल 2996 19,224
नोट: यह सिर्फ बिजली शुल्क की गणना है। इसमें प्रति किलोवॉट फिक्स चार्ज, विद्युत ड्यूटी आदि शामिल नहीं है।