बीबीएयू को बीएचयू से लगा झटका
खुद करानी होगी पीएचडी प्रवेश परीक्षा, कवायद शुरू
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) को बीएचयू के साथ मिलकर प्रवेश परीक्षा कराने की कवायद को झटका लगा है। बीएचयू प्रशासन से बीबीएयू प्रशासन की हुई मुलाकात में इस पर सहमति नहीं बनी। ऐसे में विवि को अपनी पीएचडी प्रवेश परीक्षा खुद करानी होगी, जिसके लिए उसने तकनीकी एजेंसी की खोज शुरू कर दी है और टेंडर भी कर दिया है।
विवि प्रशासन नए सत्र 2020-21 में विभिन्न कोर्सों के लिए अलग-अलग केंद्रीय संस्थाओं से प्रवेश परीक्षाओं के बाद प्रवेश लेने की कवायद कर रहा है। इस क्रम में पिछले दिनों बीएचयू से संपर्क किया गया, लेकिन वहां बात नहीं बनी। ऐसे में विवि दिसंबर में प्रस्तावित पीएचडी प्रवेश परीक्षा खुद ही आयोजित करेगा। इसके लिए उसने एजेंसी के माध्यम से ऑनलाइन टेस्ट कराने का निर्णय लिया है। एजेंसी के लिए टेंडर कर दिया गया है।
इसी क्रम में विवि प्रशासन ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी कंबाइंड एंट्रेंस टेस्ट (सीयूसेट) का समन्वय कर रही राजस्थान यूनिवर्सिटी से संपर्क किया है। विवि की ओर से इसके लिए पत्र लिखा गया है। अगर वहां से सहमति बनती है तो विश्वविद्यालय अपने सामान्य कोर्सों के लिए वहां से प्रवेश लेगा। विवि के प्रवेश समन्वयक प्रो. मनीष वर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय दोनों पक्षों पर काम कर रहा है। पीएचडी प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन होनी है, इसके लिए एजेंसी को टेंडर किया गया है।