भातखण्डे संगीत सम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. श्रुति सडोलीकर का कार्यकाल गुरुवार को छह महीने के लिए बढ़ा दिया गया।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने दीक्षांत समारोह में अपनी मां लीला वामन राव के नाम पर पुरस्कार देने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि ये पुरस्कार यूनिवर्सिटी टॉपर को दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय की तमाम समस्याओं को जल्द निस्तारित कराने की बात भी कही है।
उल्लेखनीय है कि गत मार्च में कुलपति का कार्यकाल समाप्त हो गया था, लेकिन आचार संहिता के चलते तीन महीने का कार्यकाल बढ़ाया गया था, जो सितंबर में खत्म हो गया।
उन्होंने बताया कि विवि में कुल 40 पद रिक्त हैं, जिसमें 25 पद शिक्षकों के हैं। फिलहाल अंशकालिक शिक्षकों से काम चलाया जा रहा है।
शासन से अनुमति मिलते ही नई भर्तियां की जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में रिकॉर्डिंग स्टूडियो के लिए 50 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन शासन से पैसा नहीं मिलने के कारण योजना रुकी है।
स्टूडियो बनने से छात्र-छात्राओं के साथ ही फिल्मकारों को भी मदद मिलेगी। रोजगार उत्पन्न होंगे। ऐसे ही लाइब्रेरी अपडेशन के तहत ‘गाइडेड लिसनिंग’ व ‘गाइडेड व्यूविंग’ शुरू होगा।
जिसमें छात्रों को सीडी के जरिये गायकी व नृत्य की बारीकियां समझाई जाएंगी। 15 दिन के भीतर इसे शुरू कर दिया जाएगा। प्रत्येक शनिवार को कार्यशालाएं होंगी, जिसके लिए विभागों को निर्देशित किया गया है।
इसमें छात्र-छात्राएं प्रस्तुतियां देकर परफॉर्मेंस फियर से उबरना सीखेंगे। विश्वविद्यालय में बने स्वास्थ्य केंद्र की दुर्दशा पर कहा कि जब डॉक्टर बुलाने पर आएंगे नहीं तो केंद्र कैसे संचालित होगा।
हां, छात्राओं के लिए निशात हॉस्पिटल में चेकअप की व्यवस्था की गई है। गौरतलब है कि पत्रकारों से बातचीत के दौरान विश्वविद्यालय की तमाम समस्याएं उन्होंने गिनाईं और उनके निस्तारण की बात भी कही।
लेकिन सवाल यह है कि जिन समस्याओं का निस्तारण उनके पिछले पांच साल के कार्यकाल में नहीं हुआ। वे अगले छह महीने में कैसे निस्तारित होंगी। इसका जवाब भी उन्होंने शासन स्तर पर टाल दिया।