लखनऊ। ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विवि के सुभाष छात्रावास के खाने में कीड़ा निकलने पर छात्रों ने शनिवार देर रात हंगामा किया। छात्रों ने मेस परिसर में नारेबाजी करते हुए विवि प्रशासन को जमकर कोसा और उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप भी लगाया। छात्रों ने वार्डन पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए खराब खाने के लिए जिम्मेदार ठहराया।
शनिवार रात एक छात्र ने खाने में कीड़ा देखकर उल्टी कर दी। इसके बाद वहां मौजूद अन्य छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। देर रात तक विवि में मचे बवाल की सूचना पर चीफ प्रॉक्टर डॉ. नीरज शुक्ला मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की। इस पर छात्रों ने मेस संचालक पर खाने में घटिया सामान उपयोग करने का आरोप लगाया। छात्रों ने मांग की कि वह कीड़े वाला खाना कुलपति को दिखाने उनके आवास जाएंगे। इस बात पर प्रॉक्टर और छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
काफी मान-मनौवल के बाद छात्रों का गुस्सा थमा। प्रशासनिक अफसरों ने कहा कि उनकी जो भी शिकायतें हैं, उनका समाधान कराया जाएगा। इसके साथ ही जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
कई बार निकल चुके कीड़े
छात्रों ने बताया कि खाने में कीड़ा निकलने की बात पहली बार सामने नहीं आई है। इससे पहले भी कई बार खाने में कीड़े निकल चुके हैं। तब भी अधिकारियों ने ऐसा ही आश्वासन दिया था।
जांच करा होगी कार्रवाई
खाने में कीड़ा निकलने की बात सामने आई है। प्रॉक्टर और वार्डन मौके पर हैं। जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी छात्र की सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- नरेंद्र बहादुर सिंह, कुलपति- भाषा विवि