वृंदावन सेक्टर-11 स्थित ज्ञान सरोवर विद्यालय में श्रीमद्भागवत कथा सुनाते प्रवाचक।
लखनऊ। वृंदावन सेक्टर-11 स्थित ज्ञान सरोवर विद्यालय में चल रही सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन धुंधकारी मोक्ष का प्रसंग सुनाया गया। कथा व्यास स्वामी सुधीरानंद ने कहा कि कथा श्रवण से धुंधकारी जैसे पापी का उद्धार हो सकता है तो सच्चे मन से कथा सुनने वालों का कल्याण भी निश्चित है।
उन्होंने कहा कि भागवत कथा मोक्ष का मार्ग दिखाने के साथ परिवार और समाज को जोड़ने का माध्यम भी है। पारिवारिक प्रेम और संस्कार बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर धर्म और कर्म के मार्ग पर चलने की अपील की। कथा का शुभारंभ यजमान राजेंद्र सिंह रावत, अशोक तिवारी और जगजीवन ने विधिवत पूजन के साथ किया। इस दौरान डीडी नरियाल, राजेंद्र जोशी, ललित मोहन वाजपेयी, प्रकाश पंत, विजय प्रसाद कोटनाला और राजकुमार वाजपेयी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। (माई सिटी रिपोर्टर)