अपने विवादित बयानों से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने एक बार फिर कुछ ऐसा ही बयान मोदी पर दे दिया है।
बेनी प्रसाद वर्मा ने भविष्यवाणी की है कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री की कुर्सी नहीं नसीब होगी।
सोमवार को यूपी के गोंडा जिले के सालपुर सेमरा में सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन करने आए केंद्रीय मंत्री ने मोदी पर जमकर निशाना साधा।
बेनी ने अपने पुराने धुर विरोधी सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को भी आडे़ हाथों लिया और भाजपा से गठजोड़ करने का आरोप लगाया।
उन्होंने प्रदेश सरकार की निंदा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के धन का दुरुपयोग करते हुए लैपटॉप बांटे जा रहे हैं।
इसके पहले उन्होंने आईएनएफएस द्वारा चलाए जा रहे कंप्यूटर सहित अन्य ट्रेडों के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र व किसानों को क्रेडिट कार्ड वितरित किए।
इस दौरान भूपेश तिवारी, जीपी कुंदुरुकी, एके झा, ग्राम प्रधान सावित्री देवी आदि मौजूद रहे।