भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी राहुल गांधी पर निशाना साधने के लिए अक्सर उनके लिए शहजादे शब्द का इस्तेमाल करते हैं। यह कांग्रेस के वफादार बेनी प्रसाद वर्मा का बहुत बुरा लगता है।
बेनी का कहना है कि एक स्वयंभू नेता जो खुद को प्रधानमंत्री का दावेदार बता रहे हैं और राहुल गांधी को ‘शहजादे’ कहते हैं। जबकि हम इस शब्द को बहुत बड़ी गाली मानते हैं।
वर्ष 2009 के चुनाव के बाद कांग्रेस ने एक निर्देश जारी कर नाम के आगे कुंवर, राजा, राजकुमार आदि लगाने की व्यवस्था खत्म कर चुकी है। बेनी कहते हैं कि मोदी को राहुल गांधी के बारे में इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए।
मुलायम सिंह को चुनाव लड़ने से रोके आयोग
बेनी प्रसाद वर्मा का कहना है कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
मुलायम अनाप-शनाप बोल रहे हैं लेकिन उन पर एफआईआर नहीं हो रही है। पर, जनता सब समझती है। इसलिए इस चुनाव में मुंह की खाएंगे।
ये बातें इस्पात मंत्री व गोंडा से कांग्रेस प्रत्याशी बेनी प्रसाद वर्मा ने सोमवार मीडिया से कही। उन्होंने कहा कि उन पर हाल ही जो एफआईआर दर्ज हुईं हैं, उसे मुलायम ही दर्ज करवा रहे हैं।
उन्होंने मुलायम पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वह बलात्कार के आरोपियों की वकालत कर रहे हैं। जबकि संसद में जब इस पर कानून पास किया जा रहा था, उस वक्त मुलायम भी मौजूद थे। कह रहे हैं कि जब उनकी सरकार बनेगी तो कानून बदल देंगे।
मोदी कर रहे हैं ढोंग
मोदी पर टिप्पणी करते हुए बेनी ने कहा कि मोदी आज अंबेडकर जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। जबकि भाजपा व आरएसएस के लोगों ने ही छह दिसंबर को उनके परिनिर्वाण दिवस के दिन बाबरी मस्जिद शहीद करवा दी।
उस दिन वे लोग उसे शौर्य दिवस मनाते हैं। भाजपा वोट की सौदागर है, विघटन व नस्लवाद की राजनीति करती है।
बेनी ने कहा कि हाल ही किताबें छापकर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कमजोर बताने की साजिश की जा रही है। 10 साल में केंद्र सरकार ने काफी काम किए हैं।
उन्हें कमजोर कहने वाले लोग जल रहे हैं, इसलिए ऐसा दुष्प्रचार किया जा रहा है।